हनुमानगढ़ के फेफाना थाना क्षेत्र में होली के दिन एक युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक हरि शंकर के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत फेफाना थाना पुलिस ने की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अमित उर्फ मितु (19) निवासी मिर्जावाली मेर, हर्ष (19) निवासी फेफाना और संदीप (36) निवासी वार्ड नंबर 14 जसाना के रूप में हुई है। पुलिस इन आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश करेगी। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 मार्च को फेफाना निवासी सुनील भादू ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 4 मार्च की रात फाग के दौरान हुए विवाद के बाद कुछ लोगों ने उसके भाई विनोद और अन्य लोगों के साथ मारपीट की थी।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोग विनोद को पकड़कर ले गए और उसके साथ लोहे की रॉड, डंडों तथा धारदार हथियारों से हमला किया। इस हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए नोहर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे आगे रेफर कर दिया गया। इस घटना के संबंध में पुलिस ने मारपीट, जानलेवा हमला, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान, पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस मामले में कुल 8 लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।


