होली पर धक्का-मुक्की रोकने के लिए जयपुर-जंक्शन पर विशेष बैरिकेडिंग:सिंधी कैंप बस स्टैंड तक यात्रियों का दबाव, स्पेशल ट्रेनें भी चलाईं

होली के चलते शहर से बाहर जाने वाले यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। सोमवार को जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और एंट्री गेट पर लोग ट्रेन का इंतजार करते दिखे। दुर्गापुरा, गांधी नगर, जगतपुरा और खातीपुरा जैसे स्टेशनों पर भी यात्रियों की संख्या में वृद्धि देखी गई। सिंधी कैंप बस स्टैंड पर भी रोडवेज और निजी बसों में सीटें पूरी तरह से भरी हुई थीं। परिवारों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों की अधिक संख्या के कारण स्टेशन और बस स्टैंड परिसर सामान के साथ खड़े लोगों से भरे हुए थे।
जयपुर जंक्शन पर भीड़ कंट्रोल करने के लिए विशेष व्यवस्था
रेलवे प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए विशेष इंतजाम किए। जयपुर स्टेशन डायरेक्टर विपिन शर्मा ने बताया कि जयपुर जंक्शन पर पैसेंजर्स को ट्रेन रवाना होने से एक घंटे पहले ही प्लेटफॉर्म पर एंट्री दी गई। स्टेशन के बाहर की ओर एक बड़ा होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जहां एक साथ एक हजार से ज्यादा पैसेंजर्स बैठ सकते हैं। सुरक्षा को लेकर प्लेटफॉर्म से तीन मीटर की दूरी पर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे यात्री लाइन में लगकर ट्रेनों में बैठ सकें और धक्का-मुक्की की स्थिति न बने। प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
स्पेशल ट्रेनें और अतिरिक्त कोच, बसों में भी दबाव
उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से होली को देखते हुए कई स्पेशल ट्रेनें चलाई गई हैं। नियमित ट्रेनों में अस्थाई तौर पर स्लीपर, थर्ड एसी और जनरल कोच बढ़ाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार स्पेशल ट्रेनों के संचालन से ट्रेनों में अपेक्षाकृत कम भीड़ देखने को मिली। ट्रेन में सफर कर रहे पैसेंजर्स ने बताया कि उन्हें किसी तरह की प्रॉब्लम नहीं हुई और आसानी से सीट मिल गई। रेलवे के साथ-साथ सिंधी कैंप बस स्टैंड पर भी यात्रियों का दबाव बना रहा। कोटा, जोधपुर, बीकानेर, सीकर, झुंझुनूं और भरतपुर रूट की बसों में सीटें फुल रहीं। टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं और बसों के रवाना होते समय भीड़ देखी गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *