नमस्कार होली के त्योहार पर कई जगह नेतागण ने स्नेह मिलन किया। कई नेताओं ने गायकी और नृत्य का हुनर दिखाया। होली के पर्व पर चंद्रग्रहण और सूतक ने लोगों को कन्फ्यूज रखा। रंगों के त्योहार पर पुलिसकर्मी ने काम की अपील की। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. न अंडी की न वंडी की… होली के त्योहार पर सोशल मीडिया पर एक गीत खूब चला। गीत ढूंढाड़ी बोली में था। बोल थे- न अंडी की न वंडी की, राम-राम सा थानै होली और धुलंडी की। अर्थात न इधर की, न उधर की, आप सभी को होली और धुलंडी की राम-राम। इस बार होली पर चंद्रग्रहण होने के कारण होलिका दहन और रंग खेलने को लेकर कन्फ्यूजन की स्थिति रही। शोले के गब्बर सिंह का डायलॉग भी खूब याद किया गया- कब है होली, कब? सभी एक-दूसरे से यही पूछते रहे। कई जगह आधी रात के बाद होलिका दहन किया गया। इसके बाद सूतक लगने के कारण लोगों ने धुलंडी का खेल नहीं खेला। कई जगह आज धुलंडी खेली जा रही है। बाकी जिन लोगों ने रंग खेले, उन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी। खास तौर पर ब्रज, शेखावाटी, पुष्कर और जयपुर के गोविंद देव जी मंदिर में जमकर होली खेली गई। 2. माननीयों ने खूब खेले रंग होली के त्योहार पर नेताजी भी होली के रंग में रंगे दिखे। भरतपुर में गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम पर ब्रज की होली का रंग चढ़ा दिखा। उनके साथ नदबई विधायक जगत सिंह, भरतपुर कलेक्टर कमर उल जमान और भरतपुर एसपी दिगंत आनंद ने भी जमकर होली खेली। बीकानेर में भाजपा के दो विधायकों ने होली के एक कार्यक्रम में जमकर मस्ती की। बीकानेर पश्चिम के विधायक जेठानन्द व्यास ने फाग के गीत गाए तो खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने डांस किया। सवाई माधोपुर में होली के अवसर पर खंडार विधायक जितेंद्र गोठवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली। भाजपा विधायक ने ढोलक बजाते हुए माइक पर भजन गाया और खूब झूमे सबसे ज्यादा होली का रंग पूर्व मंत्री राजेंद्र राठौड़ पर चढ़ा। उन्होंने जमकर गीत गाए और घोड़े पर बैठकर नगर परिक्रमा की। 3. मंत्री खर्रा और पूर्व मंत्रीजी कालीचरण दिखे रिलैक्स होली से पहले मंत्री झाबर सिंह खर्रा और पूर्व मंत्री कालीचरण सराफ का रिलैक्स करने का वीडियो सामने आया। दोनों जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में चले एक एक्सपो में गए थे। इस दौरान इलेक्ट्रिक मसाज चेयर की ब्रांडिंग कर रहे कर्मचारियों ने दोनों से एक्सपीरियंस लेने का आग्रह किया। आमतौर पर नेतागण चुनाव के बाद इस तरह रिलैक्स करते नजर आते हैं, लेकिन मौका था, ऐसे में दोनों नेता चेयर पर लेट गए। इसके बाद मसाज शुरू हुई। दोनों के चेहरे पर भरपूर रिलैक्स नजर आया। होली से पहले ही दोनों नेताओं ने थकान दूर कर ली। दोनों की होली मस्त रही। 4. चलते-चलते… सीकर के खाटू श्याम जी मंदिर में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी का एक वीडियो सामने आया। वीडियो में पुलिसकर्मी राहुल अवाना भक्तों से नशा छोड़ने की अपील करते हैं। राहुल ने कहा- भगवान खाटू श्याम आपकी हर मनोकामना पूरी करें। लेकिन यहां आएं तो एक वादा करके जाएं कि कभी भी नशा नहीं करेंगे। अगर करते हैं तो यही छोड़कर जाएं। पुलिसकर्मी की अपील काम कर गई। वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर हुआ। लोगों ने पुलिस की इस तरह की सेवा की तारीफ की। इनपुट सहयोग- सुरेंद्र माथुर (सीकर), नरेंद्र भारद्वाज (सवाई माधोपुर), अनुराग हर्ष (बीकानेर)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी..


