धौलपुर में होली पर्व के मद्देनजर मिलावटखोरी के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण टी. शुभमंगला के निर्देशानुसार, सीएमएचओ डॉ. धर्मसिंह मीणा द्वारा गठित खाद्य सुरक्षा टीम ने सोमवार को जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार के नेतृत्व में टीम ने बद्री प्रसाद दिनेश चंद्र मावा भंडार (पुराना बस स्टैंड, धौलपुर) से मावा का नमूना लिया। इसी प्रकार, दीपक मावा भंडार (रस रोड, धौलपुर) से मावा और स्किम्ड मिल्क पाउडर के नमूने एकत्र किए गए। कृष्ण फूड प्रोडक्ट्स (धर्मपुरा) से भी मावा का नमूना लिया गया, जबकि श्याम बाबा मिष्ठान से मिठाई के सैंपल लिए गए। पदम सिंह परमार ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद, खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा टीम की इस कार्रवाई के दौरान कई मिठाई विक्रेता और खाद्य पदार्थों के प्रतिष्ठान संचालक अपनी दुकानें बंद कर चले गए।


