भास्कर न्यूज | जामताड़ा होली के अवसर पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दो जोड़ी होली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन का निर्णय लिया है। ये विशेष ट्रेनें हावड़ा – नई दिल्ली तथा कोलकाता – योग नगरी ऋषिकेश के बीच चलाई जाएंगी। रेलवे के अनुसार त्योहार के दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं या पर्यटन स्थलों की यात्रा पर निकलते हैं, ऐसे में इन ट्रेनों का संचालन यात्रियों को राहत प्रदान करेगा। 04052 नई दिल्ली–हावड़ा होली स्पेशल 25 फरवरी 2026 से 03 मार्च 2026 तक कुल सात फेरे लगाएगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से प्रतिदिन शाम 18:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 23:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में 04051 हावड़ा–नई दिल्ली होली स्पेशल 27 फरवरी से 05 मार्च 2026 तक सात फेरे लगाएगी। यह हावड़ा से रात 01:40 बजे खुलकर अगले दिन सुबह 08:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। अपने मार्ग में यह ट्रेन पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। इस स्पेशल ट्रेन में वातानुकूलित कोच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसी तरह 04312 योग नगरी ऋषिकेश–कोलकाता होली स्पेशल 26 फरवरी और 02 मार्च 2026 को दो फेरे लगाएगी। यह ट्रेन योग नगरी ऋषिकेश से रात 22:20 बजे रवाना होकर तीसरे दिन सुबह 08:00 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में 04311 कोलकाता–योग नगरी ऋषिकेश होली स्पेशल 28 फरवरी और 04 मार्च 2026 को चलेगी। यह कोलकाता से दोपहर 13:55 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रात 22:25 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी।


