रतलाम के डॉ लक्ष्मी नारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज में पीजी डॉक्टरों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। एक डॉक्टर पर अन्य पीजी डॉक्टरों (मेडिकल स्टूडेंट्स) पर कार चढ़ाने की कोशिश करने का आरोप है। इसका वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि पीजी डॉक्टर परिसर में होली मना रहे थे। इसी दौरान एक डॉक्टर कार लेकर वहां पहुंचा। मौजूद स्टूडेंट्स ने उसे वाहन रिवर्स लेने के लिए कहा, जिस पर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि डॉक्टर ने गाड़ी हटाने के बजाय बहस की और वहां मौजूद साथियों पर कार चढ़ाने की कोशिश करते हुए तेजी से वाहन आगे बढ़ाया। तीन बार गाड़ी चढ़ाने का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संबंधित डॉक्टर ने एक नहीं बल्कि तीन बार कार से रौंदने का प्रयास किया। इसके बाद वह कार लेकर वहां से निकल गया। कुछ देर बाद वह दोबारा कार लेकर लौटा और फिर से स्टूडेंट्स की ओर वाहन बढ़ाने की कोशिश की। दोनों पक्षों में मारपीट, थाने पहुंचे डॉक्टर
घटना के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट की स्थिति बन गई। दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट और अभद्रता के आरोप लगाए हैं। फिलहाल दोनों पक्ष थाने पहुंचे हैं, जहां पुलिस मामले की जांच कर रही है। मामले में कॉलेज प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।


