महासमुंद| महासमुंद थाना क्षेत्र के ग्राम मुढ़ेना में होली के दिन दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। उपसरपंच और भारद्वाज परिवार के बीच हुई इस मारपीट में दोनों पक्षों के लोग लहूलुहान हुए हैं, जिसके बाद पुलिस ने दोनों तरफ से काउंटर मामला दर्ज किया है। पहला पक्ष उपसरपंच राजेश साहू के अनुसार, वे झगड़ा शांत कराने गए थे, तभी रमेशर भारद्वाज और उनके परिवार (कैलाश, टिकेश्वर, मानकी) ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि कैलाश भारद्वाज ने पत्थर से राजेश और उनके साथी झम्मन निषाद के सिर पर वार किया, जिससे दोनों के सिर फट गए। झम्मन को गंभीर हालत में खरोरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं दूसरा पक्ष मानकी भारद्वाज ने उपसरपंच पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके भाई कैलाश को बेवजह गाली दी गई। जब उन्होंने बीच-बचाव किया, तो राजेश साहू और उनके साथी ने घर में घुसकर धमकी दी और डंडे से मारपीट की। इस हमले में मानकी के सिर और जांघ में चोट आई है, साथ ही उनके पिता रमेशर और भाइयों को भी चोटें लगी हैं। महासमुंद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि विवाद की असली जड़ क्या थी।


