जोनल आईजी सुनील भास्कर ने सोमवार को जोन के सभी क्षेत्रीय डीआईजी व एसपी के साथ होलिका दहन व होली त्योहार के दौरान सुरक्षा व विधि-व्यवस्था संधारण के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कई दिशा-निर्देश भी दिए। आईजी ने सभी संवेदनशील व धार्मिक स्थलों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी, महिला पुलिसकर्मी की प्रतिनियुक्ति सुरक्षा उपकरणों यथा लाठी, हेलमेट, शील्ड आदि के साथ तैनात करना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। वहीं क्विक रिस्पांस टीम की तैनाती भी करने को कहा है। एसपी व उनके अधीनस्थ पदाधिकारी को प्रतिनियुक्त बलों को ब्रीफ करने का निर्देश दिया है। पुलिस कर्मी आमजनों से किसी बात को लेकर ना उलझे तथा उनसे शालीनतापूर्वक व्यवहार करें। आईजी ने कहा कि वैसे क्षेत्र जहां विभिन्न समुदाय के लोग रहते है, वहां विशेष निगरानी सुनिश्चित करें। प्रतिबंधित पशुओं की तस्करी करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरूद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही आईजी ने संध्या से ही सघन गश्ती करने व एंटी क्राइम चेकिंग करते हुए उसकी प्रविष्ट रक्षक एप में करने का निर्देश दिया है। जोनल आईजी सुनील भास्कर।


