दुर्ग जिले में होली को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पुलिस ने इस बार बड़े स्तर पर तैयारी की है। 2 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च को रंग-गुलाल की होली मनाई जाएगी। इससे पहले ही पुलिस ने पूरे जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। पुलिस की बाज टीम होली पर्व हुड़दंगियों पर नजर रखेगी और उन्माद फैलाने पर तत्काल कार्रवाई करेगी। जिला पुलिस ने पूरे दुर्ग को 10 अनुविभागों में बांट दिया है, ताकि हर इलाके पर अलग-अलग अफसर निगरानी रख सकें। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर थाना और चौकी को खास जिम्मेदारी दी गई है। दुर्ग, मोहननगर, पद्मनाभपुर, पुलगांव, भिलाई नगर, सुपेला, छावनी, पुरानी भिलाई, कुम्हारी, पाटन, धमधा और नंदिनी सहित सभी इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। 139 फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं शहर में
इस बार जिले में करीब 900 पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी में रहेंगे। 139 महत्वपूर्ण जगहों को चिन्हित कर वहां फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिस जवान लगातार तैनात रहेंगे। इसके अलावा 73 पेट्रोलिंग पार्टियां बनाई गई हैं, जो दिन-रात गश्त करेंगी। भीतर की गलियों और बस्तियों में नजर रखने के लिए 30 बाइक सवार बाज पार्टियां तैयार की गई हैं। ये टीमें संकरी गलियों, चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार घूमकर हालात पर नजर रखेंगी। बाइक से हुड़दंग मचाने वालों पर रहेगी नजर
होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों, हुड़दंग करने वालों और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने, नाबालिगों के वाहन चलाने और तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ाने वालों के खिलाफ चालान और वाहन जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध शराब, नशीले पदार्थ और हथियार ले जाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए जिले के 25 महत्वपूर्ण स्थानों पर नाकाबंदी पॉइंट लगाए गए हैं। यहां हर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की जाएगी। पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
2 मार्च सोमवार को दोपहर 12 बजे कंट्रोल रूम में दुर्ग कलेक्टर अभिजित सिंह, एसएसपी दुर्ग समेत पुलिस के आला अधिकारियों ने ड्यूटी में लगे जवानों को ब्रीफिंग दी। इसके बाद पुलिस की टीम ने पूरे जिले में फ्लैग मार्च निकाला। कंट्रोल रूम में पुलिस की बाज टीम और पेट्रोलिंग टीम ने पूरे जिले का भ्रमण कर हुड़दंगियों को कड़ा संदेश दिया है। पुलिस ने किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने के लिए डायल 112 या 9479192099 पर सूचना देने की अपील भी की है।


