भास्कर न्यूज | रायगढ़ होली पर्व से पहले जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में 100 से अधिक निगरानी बदमाशों, गुंडा सूची में दर्ज व्यक्तियों, सजायाफ्ता और संदिग्ध प्रवृत्ति के लोगों की परेड कराई। इस दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा अपराधों से तौबा कर लो, वरना रायगढ़ पुलिस कठोर कार्रवाई करेगी। एसएसपी ने साफ किया कि सभी चिन्हित बदमाश अपराध की दुनिया छोड़कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ें और सम्मानजनक जीवन जिएं। यदि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिकायत या आपराधिक गतिविधि सामने आई तो उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दरअसल होली को देखते हुए एसएसपी ने पूर्व में सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया था कि वे अपने-अपने थानों में दर्ज निगरानी बदमाशों और गुंडा सूची के लोगों को बुलाकर समझाइश दें। निर्देशों के पालन में पहले थानों में इनकी ‘क्लास’ ली गई, इसके बाद गुरुवार को उन्हें एसपी कार्यालय तलब कर अंतिम चेतावनी दी गई। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि पुलिस सुधार का अवसर दे रही है। नशा और बुरी संगत छोड़कर नई शुरुआत करें। यदि दोबारा अपराध में लिप्त पाए गए तो कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी। होली पर संदिग्ध गतिविधि से दूर रहने के लिए कहा होली के मद्देनजर एसएसपी ने विशेष रूप से चेताया कि कोई भी व्यक्ति गुंडागर्दी, छेड़खानी या संदिग्ध गतिविधि में शामिल न हो। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कानून तोड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और न्यायालय के माध्यम से दंड दिलाया जाएगा। बैठक के अंत में एसएसपी ने उपस्थित लोगों से अपने पुराने अपराधों पर पश्चाताप कर समाज और पुलिस के मददगार बनने की अपील की। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए।


