होली से पहले डूंगरपुर में 27 पावर बाइक जब्त:पुलिस ने मॉडिफाई साइलेंसर तोड़े, चाकू के साथ युवक भी गिरफ्तार

होली पर्व के मद्देनजर कोतवाली थाना पुलिस ने 27 पावर बाइकों को जब्त किया और उनके मॉडिफाई साइलेंसर तोड़े। इसके अतिरिक्त एक युवक को चाकू लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थानाधिकारी अजय सिंह राव ने बताया कि शहर में पावर बाइक से स्टंट करने और बिना नंबर के वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस दौरान 27 पावर बाइकों को मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त कर कार्रवाई की गई। एक अन्य कार्रवाई में सीमलवाड़ा सरथुना स्टेट हाईवे स्थित महुड़ी बस स्टैंड पर एक युवक के चाकू लेकर लोगों को डराने की सूचना मिली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रकाश (19) निवासी महुड़ी फला उपला को मौके से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त किया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने पिछले दो माह में भी कई महत्वपूर्ण कार्रवाईयां की हैं। इस अवधि में 168 से अधिक मोटरसाइकिलें जब्त कर उनके मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट किए गए। 117 असामाजिक तत्वों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया, जबकि शराब पीकर वाहन चलाने वाले 110 चालकों के विरुद्ध कार्रवाई हुई। इसके अलावा 82 व्यक्तियों पर पुलिस एक्ट में प्रकरण दर्ज किए गए और अवैध शराब के 23 मामलों में गिरफ्तारियां की गईं। थानाधिकारी ने बताया कि होली पर्व पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पुलिस सख्त नजर रखेगी और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *