होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक लेकर सख्त निर्देश जारी किए। एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर आम लोगों को पहले से ही जरूरी समझाइश दी जाए। पिछले वर्षों में होली के दौरान जहां-जहां विवाद या घटनाएं हुई थीं, उन स्थानों को चिन्हित कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। संवेदनशील बस्तियों, पॉश कॉलोनियों, भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख सड़कों पर फिक्स पिकेट लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। हुड़दंग मचाने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर
पुलिस ने दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी, स्टंटबाजी, सड़क पर हुड़दंग और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। त्योहार के दौरान अक्सर युवाओं द्वारा की जाने वाली लापरवाही को देखते हुए इस बार विशेष निगरानी रखी जाएगी। पैदल पेट्रोलिंग और बाइक पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार क्षेत्रों में घूमती रहेंगी। गुंडा, बदमाशों और निगरानीशुदा पर रहेगी पुलिस की नजर
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि क्षेत्र के गुंडा बदमाश, निगरानीशुदा अपराधी और असामाजिक तत्वों पर सतत नजर रखी जाए। आवश्यकता पड़ने पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि त्योहार के दौरान किसी तरह की अशांति न फैले। पुलिस अधिकारियों से कहा गया है कि छोटी से छोटी सूचना को भी गंभीरता से लिया जाए और तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया जाए। लंबित मामलों का निपटारा करने के निर्देश
इसके अलावा जिले में लंबित अपराध, चालान, मर्ग और शिकायतों के त्वरित निराकरण पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहार से पहले अधिक से अधिक लंबित मामलों का निपटारा करें, जिससे आम लोगों को राहत मिल सके और कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे। बैठक के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात ऋचा मिश्रा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आईयूसीएडब्ल्यू ममता देवांगन सहित अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन को लेकर अपनी तैयारियों की जानकारी दी।


