दुर्ग जिले में आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने बड़ा प्रिवेंटिव एक्शन लिया है। भिलाई नगर एवं छावनी अनुविभाग क्षेत्र के कुल 68 गुंडा एवं निगरानी बदमाशों को कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में तलब कर कड़ी समझाइश दी गई। इस दौरान सभी के फिंगरप्रिंट दर्ज कर सत्यापन की कार्रवाई भी की गई। भिलाई के सेक्टर-06 स्थित कंट्रोल रूम में शुक्रवार, 27 फरवरी को एक-एक कर सभी चिन्हित बदमाशों को बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंग, मारपीट, नशाखोरी, अवैध वसूली या शांति भंग करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्हें चेताया गया कि सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने पर तत्काल प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धाराओं के तहत बाउंड ओवर की कार्रवाई भी की जाएगी। पुलिस ने सभी 68 व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट दर्ज कर उनका सत्यापन किया। यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि त्यौहार के दौरान किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके। सूत्रों के अनुसार, होली के दौरान संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पेट्रोलिंग, फिक्स्ड पिकेट और सादी वर्दी में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है। इस विशेष कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी, छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा सहित थाना प्रभारियों, सीसीटीएनएस स्टाफ और कंट्रोल रूम स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाएं। किसी भी असामाजिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में हुड़दंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई तय है।


