भारतीय रेलवे ने होली और डोल यात्रा के त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा के लिए दो जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। ये ट्रेनें हावड़ा और नई दिल्ली के साथ-साथ कोलकाता और योग नगरी ऋषिकेश के बीच चलेंगी, जिससे यात्रियों को घर लौटने और पर्यटन स्थलों पर जाने में आसानी होगी। पहली जोड़ी ट्रेन संख्या 04052 नई दिल्ली-हावड़ा होली स्पेशल है, जो 25 फरवरी 2026 से 3 मार्च 2026 तक (कुल 7 फेरे) नई दिल्ली से प्रतिदिन शाम 6:15 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन रात 11:40 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में, ट्रेन संख्या 04051 हावड़ा – नई दिल्ली 27 फरवरी 2026 से 5 मार्च 2026 तक (कुल 7 फेरे) हावड़ा से प्रतिदिन रात 1:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:20 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह विशेष ट्रेन अपने मार्ग में दोनों दिशाओं में पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल के दुर्गापुर, आसनसोल, चित्तरंजन, मधुपुर और जसीडीह स्टेशनों पर ठहराव लेगी। इन ट्रेनों में वातानुकूलित (AC) कोच की सुविधा उपलब्ध होगी। योग नगरी ऋषिकेश से रात 10:20 बजे प्रस्थान करेगी दूसरी जोड़ी ट्रेन संख्या 04312 योग नगरी ऋषिकेश – कोलकाता होली स्पेशल 26 फरवरी 2026 और 2 मार्च 2026 को (कुल 2 फेरे) योग नगरी ऋषिकेश से रात 10:20 बजे प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन सुबह 8:00 बजे कोलकाता पहुंचेगी। इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 04311 कोलकाता–योग नगरी ऋषिकेश 28 फरवरी 2026 और 4 मार्च 2026 को (कुल 2 फेरे) कोलकाता से दोपहर 1:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 10:25 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी। यह ट्रेन अपने मार्ग में दोनों दिशाओं में पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में दुर्गापुर और आसनसोल स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान श्रेणी और वातानुकूलित (AC) कोच की सुविधा उपलब्ध होगी।


