होशियारपुर के बागपुर कस्बे में आज सुबह एक दुकान में आग लगने के बाद सिलेंडर फट गया। इस घटना में दो दमकलकर्मी और दुकान मालिक की मां घायल हो गए। हादसा सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग बुझाने की तैयारी कर रहे थे, तभी दुकान के अंदर रखे एक सिलेंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। विस्फोट से तीन लोग घायल विस्फोट के कारण दमकल विभाग के दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। दुकान मालिक की मां भी इस घटना में घायल हुई हैं। घायल दमकलकर्मियों को मुकेरिया के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दुकान मालिक की मां को एक निजी अस्पताल में दाखिल किया गया है। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच कर रही है। दमकल की टीमें आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखे हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस घटना में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।


