भास्कर न्यूज | अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को 2 मामलों में एक किलो हेरोइन, 45.19 लाख ड्रग मनी, एक काउंटिंग मशीन, बाइक बरामद कर 3 तस्करों को काबू करने की जानकारी दी। पहले मामले में सीआईए-2 स्टाफ ने एक तस्क को काबू कर आधा किलो हेरोइन, 30.19 लाख ड्रग मनी और एक काउंटिंग मशीन बरामद की। आरोपी की पहचान झब्बाल, तरनतारन के रहने वाले राहुल के रूप में हुई है। दूसरे मामले में थाना वेरका पुलिस ने बाइक सवार 2 तस्करों को काबू कर आधा किलो हेरोइन, 15 लाख ड्रग मनी और एक ड्रोन बरामद किया। आरोपियों की पहचान खिलचियां के रहने वाले गुरमुख सिंह और वरिंदर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि दोनों मामले शुक्रवार को ही ट्रेस किए गए हैं। पकड़े गए आरोपी हवाला के जरिए ड्रग मनी विदेश भेजते थे। दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी गुरमुख सिंह ने बी-कॉम की पढ़ाई की है। पहले से कोई केस दर्ज नहीं है। आरोपी राहुल ने ड्रग मनी और हेरोइन छिपाने के लिए गेट हकीमां के अधीन आते आनंद विहार में एक किराये पर मकान ले रखा था। जहां से पुलिस ने 30.19 ड्रग मनी बरामद की। आरोपी राहुल ने जर्मन बैठे टोनी के संपर्क में था। वहीं आरोपी गुरमुख और वरिंदरपाल सिंह की निशानदेही पर मेहता रोड, जंडियाला अकालगढ़ स्थित एक घर में बेड बाक्स में बनाई गुप्त जगह से 15 लाख ड्रग मनी बरामद की। इनके किंगपिन घरिंडा के रहने वाले तजिंदर सिंह और जसविंदर सिंह है, जो इन्हें निर्देश देते थे। दोनों अभी फरार चल रहे हैं। अरोपी गुरमुख और वरिंदरपाल ड्रोन को चलाना सीख रहे थे। वह तजिंदर और जसविंदर को रास्ते से हटाकर खुद पाक तस्करों के साथ संपर्क करने की कोशिश कर रहे थे, ताकि सीधे ड्रोन से खेप लेकर आ सकें।


