भास्कर न्यूज | राजनांदगांव प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने जिलेभर के 1 लाख 8 हजार किसानों ने अपना आधार सीडिंग कराया है। कृषि विभाग शत प्रतिशत किसानों को इसका लाभ दिलाने डोर-टू-डोर अभियान चला रहा है। योजना अंतर्गत किसानों को हर साल 6 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसके लिए ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, लैंड सीडिंग, एग्री स्टेक पंजीयन को तेजी से पूरा किया जा रहा। फरवरी के अंत या मार्च के पहले सप्ताह में योजना की 23वीं किस्त की राशि हस्तांतरण किया जाना प्रस्तावित है। उप संचालक कृषि टीकम सिंह ठाकुर ने बताया जिले में 108449 किसानों का ई-केवाईसी, 108944 का लैंड सीडिंग, 108021 का आधार सीडिंग पूरा किया गया। एग्री स्टेक योजना लागू होने के बाद भारत सरकार ने पीएम किसान पोर्टल में पंजीकृत किसानों को एग्री स्टेक में पंजीयन कर फार्म आईडी एवं फार्मर आईडी बनाने निर्देश दिए है। किसान स्वयं या लोक सेवा केंद्र से पंजीयन करा सकते है। चिह्नांकित केंद्रीय एजेंसी भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ मर्यादित नेफेड द्वारा पंजीकृत कृषकों की फसलों का उपार्जन किया जाएगा। लंबित प्रकरणों का भौतिक सत्यापन, वेबसाइट के फार्मर कॉर्नर में अपडेट मिसिंग इंफॉर्मेशन विकल्प से सुधार कराया जा सकता है। बैंक में डीबीटी सक्रिय होने पर 23वीं किस्त पहुंचेगी। अरहर, चना, मसूर, सरसों विक्रय करने पंजीयन प्राइस सपोर्ट स्कीम पीएसएस में किसानों का पंजीयन पोर्टल में किया जा रहा है। खरीफ वर्ष 2025-26 में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन एवं रबी विपणन वर्ष में चना, मसूर एवं सरसों फसल की बोनी करने वाले किसानों का पंजीयन कर रहें है। प्राथमिक कृषि सहकारी समिति के 15 उपार्जन केन्द्रों तथा एक एफपीओ स्वर्ण उपज महिला किसान उत्पादक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड सुकुल दैहान अधिसूचित है। घुमका, पदुमतरा, सोमनी, छुरिया, कुमरदा, गैंदाटोला, गहिराभेड़ी, डोंगरगांव, तुमड़ीबोड, खुर्सीपार, डोंगरगढ़ अछोली, मुसरा, मोहारा, एलबी नगर को शामिल किया है।


