10वीं एमपी बोर्ड का अंग्रेजी का पेपर:ग्वालियर में 91 केंद्रों पर 26,744 विद्यार्थी; परीक्षार्थियों को पूरी तलाशी के बाद ही मिला केंद्र में प्रवेश

मप्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाईस्कूल परीक्षा आज (मंगलवार) से शुरू हो गई है। ग्वालियर से इस परीक्षा में 26,744 विद्यार्थी शामिल हुए हैं। इसके लिए 91 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुबह 8:45 बजे तक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। इससे पहले परीक्षार्थियों के अच्छे से जांच की गई और उन्हें परीक्षा के नियम भी समझाए गए। कुछ छात्र चंद मिनट की देरी से भी पहुंचे। अंग्रेजी का पेपर होने के कारण परीक्षार्थियों के चेहरे पर तनाव भी देखा गया। उधर, जिला प्रशासन, माध्यमिक शिक्षा मंडल ने फ्लाइंग स्क्वार्ड सहित नकल रोकने की पूरी तैयारी की है। परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सात केंद्रों को रिजर्व रखा गया है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारी की गई है। 14 उड़नदस्ते गठित नकल और अन्य अनियमितताओं को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने 14 उड़नदस्ते गठित किए हैं। इन दलों में जिला प्रशासन, बोर्ड कार्यालय और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं, जो परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर, फर्नीचर और सुरक्षा व्यवस्था सहित आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। वरिष्ठ अधिकारियों ने केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी निगरानी, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित रख-रखाव और समय पर वितरण की विशेष व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय पर केंद्र पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। अभिभावकों से भी सहयोग की अपेक्षा की गई है, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके। महत्वपूर्ण नंबरों के बोर्ड लगाए ग्वालियर के सभी परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड लगाए गए हैं, जिस पर 10वीं और 12वीं परीक्षा के क्रमांक के अलावा महत्वपूर्ण कलेक्टर रुचिका चौहान, सीईओ जिला पंचायत सौजान सिंह रावत और जिला शिक्षा अधिकारी हरिओम चतुर्वेदी के फोन नंबर लिखे गए हैं। ताकि किसी भी समय कोई भी परेशानी होने पर तत्काल संबंधित नंबरों पर बात की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *