भास्कर न्यूज | महासमुंद छग माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा दसवीं की बोर्ड परीक्षाओं का शंखनाद शनिवार को हिंदी विषय के साथ हुआ। जिले के 115 परीक्षा केंद्रों में आयोजित इस परीक्षा में कुल 12,450 परीक्षार्थी शामिल हुए। बोर्ड की अपनी पहली बड़ी परीक्षा को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह और थोड़ी घबराहट दोनों देखी गई, लेकिन पेपर हल करने के बाद परीक्षार्थियों के चेहरे खिले नजर आए। शिक्षा विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, जिले में कुल 12,744 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 294 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पूर्व 20 फरवरी को आयोजित बारहवीं बोर्ड की भौतिक और भूगोल की परीक्षा में भी 112 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए थे। स्वामी आत्मानंद हिंदी विद्यालय के केंद्रों पर जब परीक्षार्थियों से चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि हिंदी का प्रश्नपत्र काफी सरल था। कई छात्रों ने तो निर्धारित समय से आधा घंटा पहले ही सभी सवालों के जवाब लिख लिए थे।


