केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने इस वर्ष से बोर्ड परीक्षाओं में विद्यार्थियों को दूसरा अवसर देने की व्यवस्था लागू की है। 10वीं और 12वीं की मुख्य बोर्ड परीक्षाएं फिलहाल जारी हैं, जबकि दूसरी परीक्षा अप्रैल में होगी। जिन विद्यार्थियों को पहली परीक्षा में कम अंक आने का अंदेशा हो या कोई पेपर अपेक्षा के अनुसार नहीं गया हो, वे अधिकतम तीन विषयों की दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। दूसरी परीक्षा के अंक अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे। इसका उद्देश्य साल में एक बार होने वाली परीक्षा के दबाव को कम करना और विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन का अवसर देना है। इससे छात्र बिना डर के पहली परीक्षा दे सकेंगे और तैयारी में कमी की भरपाई कर पाएंगे। स्कूल तैयार करेंगे कैंडिडेट्स सूची सीबीएसई ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि पहली परीक्षा पूरी होने के बाद ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इच्छुक विद्यार्थी तीन विषय चुनकर आवेदन कर सकेंगे। स्कूल इन छात्रों की लिस्ट ऑफ कैंडिडेट्स तैयार करेंगे। दूसरी परीक्षा अलग परीक्षा केंद्रों पर होगी। सीबीएसई के अनुसार कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 7 मार्च तक चलेंगी, जबकि 12वीं की परीक्षाएं 14 फरवरी से शुरू होकर 10 अप्रैल तक जारी रहेंगी। सिटी को-ऑर्डिनेटर सीबीएसई पूनम राठौड़ के अनुसार यह व्यवस्था विद्यार्थियों को तीन विषयों में बेहतर स्कोर हासिल करने का अवसर देगी और परीक्षा तनाव कम करेगी।


