भास्कर संवाददाता| सीहोर रेलवे बोर्ड ने अब ट्रेनों के प्रथम आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में बदलाव किया है। अब प्रथम आरक्षण चार्ट 10 घंटे पहले तैयार होगा। ताकि अधिक से अधिक संख्या में यात्रियों को ट्रेन में बर्थ उपलब्ध हो सके। नई व्यवस्था 11 जनवरी से लागू होगी: यात्रियों की सुविधा एवं आरक्षित टिकट संबंधी जानकारी समय से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर ट्रेनों के प्रथम आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए अब 10 घंटे पहले चार्ट तैयार किया जाएगा। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि नए निर्देशों के अनुसार ट्रेनों के प्रस्थान समय के आधार पर प्रथम आरक्षण चार्ट निम्नानुसार तैयार किया जाएगा। उद्देश्य यात्रियों को मिल सके सुविधा सुबह 5.1 बजे से शाम 6 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों का प्रथम आरक्षण चार्ट एक दिन पहले रात 8 बजे तक तैयार किया जाएगा। शाम 6.1 बजे से अगले दिन सुबह 5 बजे तक रवाना होने वाली ट्रेनों का प्रथम आरक्षण चार्ट निर्धारित प्रस्थान समय से कम से कम 10 घंटे पहले तैयार किया जाएगा। इस नई व्यवस्था से यात्रियों को आरक्षण स्थिति की जानकारी पहले ही मिल सकेगी, जिससे यात्रा की बेहतर योजना बनाने में सुविधा होगी। बता दें कि सीहोर रेलवे स्टेशन से हर दिन 45 से ज्यादा यात्री ट्रेन गुजरती हैं। पहले ट्रेन प्रस्थान के 4 घंटे पहले चार्ट तैयार किया जाता था। ऐसे में कई बार यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करना पड़ती थी।


