मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में 10 दिसंबर को मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। ग्राम कन्हरी खुर्द में मिले इस शव की पहचान बृजेश भारतीय के तौर पर हुई थी। अब पुलिस ने हत्या के आरोप में शैलु भारतीय पिता खोजु सिंह को गिरफ्तार किया है। हत्या की वजह प्रेम प्रसंग बताई जा रही है। बिछिया पुलिस ने बताया कि 10 दिसंबर को ग्राम कन्हरी खुर्द के ग्रामीणों ने एक खेत में बृजेश भारतीय का शव मिलने की सूचना दी थी। शव की स्थिति और पीएम रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इस दौरान मिले साक्ष्य के आधार पर गांव के ही शैलु भारतीय से पूछताछ की गई। जिसमें शैलु भारतीय द्वारा प्रेम प्रसंग के चलते गला दबाकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर गुरुवार को न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया। उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बिछिया धर्मेंद्र सिंह धुर्वे, एएसआई धनपाल, प्रधान आरक्षक विवेक, अजीत, गणेश, आरक्षक अरविंद बर्मन, संजय, नवीन, महेंद्र ,सुलोचना और सैनिक महावीर का विशेष योगदान रहा।


