स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल की टीम ने गुप्त सूचना पर अवैध 10 पिस्तौल, 20 मैगजीन और गोलियों के साथ 2 तस्करों को काबू किया है। तस्करों की पहचान सतनाम सिंह उर्फ प्रिंस निवासी बुट्टर कलां, बटाला और मनजीत सिंह निवासी नंगल कलां, बटाला के रूप में हुई है। आरोपी रविवार सुबह बस स्टैंड के पास से हथियार की डिलीवरी करने के लिए आए थे। यह तस्करी का मॉड्यूल अमरीका में बैठा बटाला का रहने वाला सन्नी मसीह चला रहा था। सन्नी मसीह के कहने पर आरोपी हथियार की डिलीवरी करते थे। सन्नी के निर्देशों पर आरोपी मध्य प्रदेश और झारखंड से अवैध हथियार मंगवाकर सप्लाई कर रहे थे। एसएसओसी के एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि आरोपी सतनाम सिंह से पूछताछ में पता चला कि अमरीका में बैठा तस्कर सन्नी मसीह उसे प्रति डिलीवरी कोरियर का खर्चा देता था। आरोपी ने बताया की लगभग एक महीने पहले उसने मध्यप्रदेश से 4 अवैध पिस्तौल लाकर पंजाब में सप्लाई किए थे। जिसके लिए उसे 10 हजार रुपए मिले थे। वर्तमान 10 पिस्तौलों की डिलीवरी के लिए सन्नी ने उसे 20 हजार रुपए देने का वादा किया था। एआईजी ने बताया कि आरोपी सतनाम सिंह के खिलाफ अलग-अलग थानों में पहले से एनडीपीएस के 3 केस दर्ज हैं। एक पर्चे में वह जेल में बंद था। 30 जुलाई 2024 को जमानत पर बाहर आया था।