10 लाख मिले, पर नहीं बनी जेब्रा क्रॉसिंग

भास्कर न्यूज| धमतरी
धमतरी शहर की यातायात व्यवस्था भगवान भरोसे है। 3 साल पहले नगर निगम ने चौराहों पर जेब्रा क्रॉसिंग बनाने के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे। ठेकेदार को वर्कआर्डर भी दे दिया गया था। इसके बावजूद, आज तक काम शुरू ही नहीं हुआ है। निगम अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह काम फिलहाल अधर में लटक गया है। जानकारी के मुताबिक मकई चौक, सिहावा चौक, रत्नाबांधा चौक और अंबेडकर चौक पर लगभग 24 जेब्रा क्रॉसिंग बननी थी। निगम के एक ठेकेदार को ठेका दिया गया। वर्कआर्डर भी जारी हुआ, लेकिन अभी तक इस पर काम शुरू नहीं हो सका। जमीनी हकीकत यह है कि जब कई सालों तक जेब्रा क्रॉसिंग बनाने का काम अटका रहा, तो यातायात पुलिस की ओर से सड़क पर सफेद पेंट का उपयोग कर अस्थायी रूप से काम निपटाया जा रहा है। शनिवार सुबह यातायात विभाग द्वारा सड़क पर पेंटर की मदद से काली-सफेद पट्टियां बनाई गई हैं। फाइल मंगवाकर जांच करूंगा- निगम पीडब्ल्यूडी सभापति विजय मोटवानी ने कहा कि वे जल्द ही इस मामले की फाइल मंगवाकर जांच करेंगे। अगर वर्कआर्डर जारी हुआ है और फिर भी काम नहीं हुआ, तो इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा। यदि रि-टेंडर करने की जरूरत होगी, तो उस दिशा में भी काम किया जाएगा। जेब्रा क्रॉसिंग का उद्देश्य सड़क पर बनी काली-सफेद लाइनों को जेब्रा क्रॉसिंग कहा जाता है। यह विशेष तौर पर पैदल यात्रियों को सुरक्षित ढंग से सड़क पार करने के लिए बनाई जाती है। इसका मकसद वाहनों की गति कम करवाकर यात्रियों को प्राथमिकता देना है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सके। यह ट्रैफिक नियम का अहम हिस्सा है, जहां वाहनों को रुकना अनिवार्य होता है। जेब्रा क्रॉसिंग गहरे और हल्के रंगों के पैटर्न में होती है, ताकि इसे दूर से देखा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *