वार्ड-2 ले में 10 साल से लोग पानी व सीवरेज की समस्या से परेशान हैं। यहां तक की टूटी सड़कों को लेकर आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वार्ड-2 अधिकतर इंडस्ट्री एरिया में तबदील हो गया है। यहां पर सबसे अधिक प्रवासी लोगों का बसेरा है। इसलिए उन्हें अधिक सेवाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस इलाके में प्रवासियों के साथ रोजाना लूट की घटनाएं होना अब आम बात हो गई है। लोगों का रात 11 बजे के बाद निकलना खतरे से खाली नहीं है। यहां तक की स्ट्रीट लाइटों की भी यहां समस्या है। सब्जी मंडी नजदीक होने के कारण लोगों को सुबह जल्दी निकलना पड़ता है। इसी बात का फायदा उठा कर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। इस संबंध में पुराने व नए पार्षदों को पता होने के बावजूद भी इसका कोई पक्का हल नहीं निकल पा रहा है। इसके अलावा कई सड़कें इंटरलॉक टाइल्स की हैं तो कई लुक वाली हैं। लुक वाली सड़कें अकसर टूटी ही रहती हैं। चुनावी दौर के दौरान ही इन सड़कों को संवारने का ख्याल आता है। यही नहीं इस जगह पर पार्क तक की सुविधा भी नहीं है। वार्ड-2 का कुछ हिस्सा अब वार्ड-3 में तबदील किया गया है। इस कारण जो पहले वार्ड-2 के पार्षद थे, वह अब वार्ड-3 से चुनाव लड़ रहे है।