10 हजार का कर्ज बना जानलेवा, बड़े भाई की हत्या:सरगुजा में पैसा खर्च करने को लेकर दो भाईयों में खूनी संघर्ष, आरोपी छोटा भाई गिरफ्तार

सरगुजा के पाकजाम में खेती के लिए लिए बड़े भाई द्वारा लिए गए 10 हजार रुपए का बैंक कर्ज जानलेवा बन गया। दोनों भाईयों के बीच कर्ज की रकम को खर्च करने को लेकर विवाद हो गया तो छोटे भाई ने बीती रात बड़े भाई पर जलती हुई लकड़ी से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई को रात करीब 3 बजे मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में दाखिल किया गया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, पाकजाम निवासी नईहर साय (36 वर्ष) ने कुछ दिनों पूर्व खेती के काम के लिए बैंक से 10 हजार रुपये का केसीसी लोन लिया था। उसने उक्त रकम अपने सबसे छोटे भाई संजय साय (30 वर्ष) को दे दी थी। उनके तीन भाईयों में नईहर साय सबसे बड़ा एवं संजय सबसे छोटा है। रोपाई का काम सोमवार को खत्म हो गया था। देर रात विवाद, बड़े भाई पर जानलेवा हमला
नईहर साय ने बीती रात करीब 10 बजे खाना खाने के दौरान संजय साय से 10 हजार रुपये के खर्च का हिसाब मांगा। इसे लेकर दोनों भाईयों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़कर मारपीट में बदल गई। विवाद से आक्रोशित संजय साय ने जलती हुई लकड़ी से बड़े भाई नईहर के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया और भाग निकला। लकड़ी के वार से नईहर साय बेहोश होकर गिर गया। परिजनों ने उसके चेहरे पर पानी डाला और उसे उठाने की कोशिश की। काफी कोशिश के बाद भी नईहर नहीं उठा तो परिजन देर रात करीब 3 बजे उसे लेकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। इलाज शुरू करने के साथ ही नईहर साय की मौत हो गई। फरार छोटा भाई गिरफ्तार
मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मंगलवार को नईहर साय के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया एवं शव को परिजनों को सौंप दिया गया। प्रायमरी ओपिनियन में डॉक्टर ने ब्रेन हेमरेज से ईश्वर साय की मौत होना बताया गया है। दरिमा पुलिस ने मामले में संजय साय के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। दरिमा थाना प्रभारी मनोज कुमार प्रजापति ने बताया कि आरोपी संजय साय को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मृतक नईहर साय के परिजनों ने बताया कि आरोपी संजय साय की शादी नहीं हुई है एवं वह भाईयों एवं माता-पिता के साथ घर में रहता है। परिवार खेती का काम करता है। घटना से परिवार के सदस्य सदमें में हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *