भास्कर न्यूज | जशपुरनगर मानदेय बढ़ाने सहित अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं ने गुरूवार से दो दिवसीय हड़ताल शुरू किया है। पहले दिन गुरुवार को जिले भर से हजारों की संख्या में कार्यकताएं जशपुर के रणजीता तिराहे के पास जमा हुए। कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन स्थल पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। धरने में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताएं 100 से 150 किलोमीटर दूर से भी पहुंची थी। इस हड़ताल की वजह से विभिन्न स्थानों से जशपुर पहुंचने वाली अधिकांश यात्री बसों में भीड़ देखी गई। इसके अलावा कार्यकर्ताएं चारपहिया और पिकअप वाहन बुक कर भी पहुंची थी। धरना स्थल पर छग आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ की कार्यकारी प्रांताध्यक्ष कविता यादव ने संबोधित करते हुए कहा कि देश में आइसीडीएस की स्थापना हुए और आंगनबाड़ी केन्द्रों में हमे काम करते 50 वर्ष हो गए है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संघ ने तीन सूत्रीय मांगें पेश की हैं। इसमें सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित करना, नियमित वेतन बढ़ाकर 26,000 रुपए (कार्यकर्ता) और 22,100 (सहायिका) करना, तथा सेवानिवृत्ति और आकस्मिक मृत्यु पर मासिक पेंशन और समूह बीमा की व्यवस्था शामिल है। आगे कहा कि किसी भी स्थिति में जीने लायक वेतन नही कहा जा सकता। ये श्रम नियमों के विपरीत है।


