भास्कर न्यूज |लुधियाना शहीद भगत सिंह मार्केट की पार्किंग में बुधवार शाम एक होटल कारोबारी और उसकी पत्नी पर 10 से 12 हमलावरों ने कथित तौर पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर हॉकियों, लोहे की रॉड और पिस्तौल से लैस थे। हमले में कारोबारी को गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पर उसकी पत्नी के साथ भी मारपीट और धक्का-मुक्की की गई। पीड़ित के अनुसार, वह शाम करीब 4 बजे अपनी पत्नी के साथ मार्केट में एक दफ्तर में मीटिंग के लिए आया था। कार पार्किंग में खड़ी कर दोनों दफ्तर चले गए। करीब 6 बजे जब वे वापस लौटे और कार में बैठे, तभी 10–12 युवक अचानक वहां पहुंचे और उन्हें घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ वार किए और जान से मारने की कोशिश की। कारोबारी का कहना है कि हमले की साजिश उसके परिचित एक अन्य होटल कारोबारी ने रची। हमलावरों में उक्त व्यक्ति के अलावा उसके दो अन्य जानकार भी शामिल थे। पीड़ित ने बताया कि वह किसी तरह जान बचाकर करीब 10 कदम दूर स्थित पुलिस चौकी की ओर भागा, लेकिन हमलावर वहां तक पीछा करते रहे और मारपीट जारी रखी। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल कोई प्रभावी मदद नहीं दी और न ही थाने के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज उपलब्ध करवाई गई। घटना के संबंध में पीड़ित परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


