भास्कर न्यूज | जालंधर निगम चुनाव में अपने उम्मीदवारों को वोट डालने की अपील करने आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रधान अमन अरोड़ा शनिवार को जालंधर पहुंचे। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरोड़ा ने 5 गारंटियां शहरवासियों को दी हैं कि निगम चुनाव जीतने के बाद शहर की समस्याओं को हर हाल में दूर किया जाएगा। वे जिन पांच गारंटियों का बखान करते रहे, वे प्रोजेक्ट पहले से ही शहर में चल रहे हैं। वे 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाएंगे, पार्किंग व्यवस्था और पेयजल मिलेगा, कूड़े के डंप खत्म होंगे, स्पोर्ट्स स्मारक बनेंगे का दावा कर गए। इसके अलावा उन्होंने सूबे के बारे कहा कि पांच हजार उम्मीदवारों ने पार्षद टिकट के लिए आवेदन किया, लेकिन आप ने चुनिंदा 977 को ही मैदान में उतारा है। पंजाब प्रधान ने निगम हाउस में आप का मेयर लाने के लिए पब्लिक से सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि आप ने विधायकों समेत करीब 350 नेता पंजाब में हो रहे निगम चुनाव में उम्मीदवारों का हौसला बढ़ा रहे हैं। इस दौरान बलदेव सिंह देव आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए। पूर्व जिला प्रधान देव ने अपने साथियों समेत आप का दामन थामा। पार्टी प्रधान अमन अरोड़ा ने उन्हें व साथियों को पार्टी में शामिल करवाया। इस मौके बिजली मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत, राजविंदर कौर थियाड़ा, विधायक रमन अरोड़ा, दिनेश ढल्ल, चंदन ग्रेवाल व अन्य नेता मौजूद रहे। अरोड़ा ने मॉडल टाउन, ज्योति नगर के अलावा 28 अस्थाई डंप खत्म करवाने की बात कही। साथ ही कहा कि शहर में सीसीटीवी से हरेक गतिविधि पर नजर रहेगी। पीएपी फ्लाईओवर की समस्या हल करवाएंगे। घरों तक साफ पानी पहुंचाया जाएगा। इसके अलावा चौकों व बाजारों के पास पार्किंग की जगह ढूंढी जाएगी। ट्रांसपोर्टेशन की दिक्कत दूर करने के लिए 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। बर्ल्टन पार्क का सुधार करवाया जाएगा। स्पोर्ट्स हब पर स्पोर्ट्स के स्मारक बनाए जाएंगे ताकि पहचान हो सके। निगम चुनाव के बाद स्ट्रे डॉग्स की समस्या का हल करवाएंगे। चार्जिंग स्टेशनों के साथ 100 इलेक्ट्रिक बसें शहर में 100 इलेक्ट्रिक बसें लॉन्च करने की गारंटी अरोड़ा ने दी है। बोले- प्रदूषण कम होगा और जालंधर के निवासियों के लिए परिवहन सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी। गारंटी की हकीकत : लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने शहरी विकास मंत्रालय के नेशनल प्रोजेक्ट के तहत जालंधर का चुनाव 100 इलेक्ट्रिक बसें चलाने का प्लान मंजूर किया है। इसकी डीपीआर बन चुकी है, काम शुरू होना बाकी है। जालंधर के लिए आप की पांच गारंटी और उसकी हकीकत जालंधर की खेल समृद्धि को बहाल करना खेल स्मारकों की स्थापना, बर्ल्टन पार्क जैसे प्रमुख खेल स्थलों के पुनरुद्धार और पीएपी फ्लाईओवर जैसी विकास परियोजनाओं की गारंटी दी। हकीकत : जालंधर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट स्पोर्ट्स हब तैयार की जानी है। इस प्रोजेक्ट को नए सिरे से तैयार किया गया है। इस पर करीब 35 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कूड़े के सभी डंपों खत्म करना मॉडल टाउन समेत कूड़े के 28 डंपों को खत्म किया जाएगा। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था सुनिश्चित करके शहर को पूरी तरह स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे। हकीकत : शहर में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत बॉयो माइनिंग चालू हो चुका है। फिलहाल प्रोजेक्ट अलॉट हुआ है। काम धीमा है। पार्किंग सुविधाएं और सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे यातायात कंट्रोल करने के लिए पार्टी बड़े स्तर पर आधुनिक पार्किंग सुविधाएं विकसित करेगी। सुरक्षा बढ़ाने के लिए सभी प्रमुख क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। हकीकत : स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत पहले से कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का काम चल रहा है और 2025 में फुल मोड पर चलने की आस है। यह प्रोजेक्ट भी पहले से ही चल रहा है।