भास्कर न्यूज | बठिंडा 100 फीट रोड स्थित महेश्वरी चौक के पास फास्ट फूड रेहड़ी संचालक के साथ मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में कैंट थाना पुलिस ने करीब 15 अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू करदी है। कैंट पुलिस को दिए बयान में शिकायतकर्ता बिट्टू कुमार निवासी गुरु नानकपुरा मोहल्ला ने बताया कि वह 100 फीट रोड पर फास्ट फूड की रेहड़ी लगाता है। गत दिवस कुछ युवक उसके पास मोमोज खाने के बहाने आए और वहां खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। उसने व आसपास मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया। कुछ समय बाद उक्त युवक 10-15 साथियों के साथ दोबारा पहुंचे। सभी हथियारों से लैस थे और आते ही रेहड़ी पर तोड़फोड़ शुरू कर दी तथा बिट्टू कुमार के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने आए अन्य लोगों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद कैंट थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में थाना कैंट पुलिस के अधिकारियों का कहना था कि जल्द ही आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।


