भास्कर न्यूज | लुधियाना हंबड़ां रोड स्थित श्री गोविंद गोधाम में आयोजित दो दिवसीय श्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग दिव्य दर्शन समागम वीरवार को भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर लुधियाना के हजारों श्रद्धालुओं ने 1000 वर्ष प्राचीन ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर पुण्य कमाया। समागम के दूसरे और अंतिम दिन की शुरुआत सुबह भव्य महा अभिषेक के साथ हुई। विद्वान पंडितों और आचार्यों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद आम जनता के लिए दर्शन द्वार खोले गए। देखते ही देखते पूरा गोधाम परिसर शिव भक्तों की लंबी कतारों और ओम नमः शिवाय के गूंजते जयकारों से शिवमय हो गया। इस पावन अवसर पर विशेष रूप से पहुंचे समाज सेवक बिट्टू गुंबर और पंजाब सरकार के अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य राजेश जैन बॉबी ने ज्योतिर्लिंग के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। बिट्टू गुंबर ने कहा कि 1000 साल पुराने सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के साक्षात दर्शन करना हमारे लिए किसी चमत्कार और परम सौभाग्य से कम नहीं है। यह पल जीवन भर की पूंजी बन गया है। वहीं राजेश जैन बॉबी ने इसे सनातन आस्था की विजय बताते हुए कहा कि इन पवित्र अवशेषों के दर्शन से मन को अपार शांति और नई ऊर्जा मिली है। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि महमूद गजनवी के आक्रमण के दौरान पुजारियों ने अपनी जान पर खेलकर इन अवशेषों को सुरक्षित रखा था, जिसे हाल ही में गुरुदेव श्री श्री रविशंकर को सौंपा गया। समागम के समापन पर महामृत्युंजय जाप किया गया, जिसमें श्री गोविंद गोधाम ट्रस्ट के सुंदरदास धमीजा, अशोक धवन एंव विडीसी मेंबर सोनी वालिया के साथ बॉबी चोपड़ा, जसलीन सेठी, मनदीप सेठी, निधि कपूर और डॉ. सचिन गोयल सहित शहर की कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


