102वां गुरुमुख सम्मेलन आज से, कीर्तन, कथा वाचन और लंगर होगा, 3 दिन चलेगा

भास्कर न्यूज | अलवर मनुमार्ग स्थित गुरुद्वारे में तीन दिवसीय 102 वां गुरुमुख सम्मेलन के रविवार से शुरू होगा। इस दौरान गुरबाणी का कीर्तन, कथा वाचन, आनंद कारज और लंगर होगा। कार्यक्रम के लिए देश-विदेश की संगत आना शुरू हो गई हैं। मीडिया प्रभारी बसंत गांधी ने बताया कि रविवार सुबह 2 बजे गुरुद्वारे में नितनेम साहिब, 3 बजे सुखमनी साहिब, चौपाई साहिब, निशान साहिब की पूजा एवं अरदास होगी। खंडेलवाल धर्मशाला के पास स्थित गुरुद्वारे में सुबह 5.30 बजे आसा दी वार का कीर्तन होगा। सुबह 8.30 बजे आरती साहिब के बाद अखंड पाठ रखा जाएगा। इसके बाद खंडेलवाल धर्मशाला के पास स्थित गुरुद्वारे से मनुमार्ग स्थित गुरुद्वारे तक नगर कीर्तन निकाला जाएगा। नगर कीर्तन पहुुंचने के साथ ही गुरुमुख सम्मेलन शुरू होगा। 16 फरवरी को सुबह 9.30 बजे व 17 फरवरी को सुबह 10 बजे मनुमार्ग स्थित गुरुद्वारा में संतरेन डॉ. हरभजन शाह सिंघ महाराज के प्रवचन होंगे। 17 फरवरी को सुबह 6 बजे खंडेलवाल धर्मशाला के पास स्थित गुरुद्वारा सुखधाम में अखंड पाठ का भोग पड़ेगा। जिनकी शादी की सालगिरह के 50 साल हो गए उन्हें सम्मेलन में सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद आनंद कारज (सामूहिक विवाह सम्मेलन) होगा। रविवार व 16 फरवरी को सुबह 11.30 बजे से दोपहर 3 बजे तक व शाम 7 से रात 10.30 बजे तक जबकि 17 फरवरी को दोपहर 12 बजे लंगर होगा। कार्यक्रम स्थल पर वाटरप्रूफ पांडाल बनाया गया है। इसमें एक साथ 2 हजार लोग बैठ सकेंगे, जो लोग जमीन में नहीं बैठ सकते हैं उनके लिए कुर्सियों की व्यवथस्था की गई है।सम्मेलन स्थल के मुख्यद्वार के समीप स्वागत कक्ष बनाया गया है। बाहर से आने वाली संगत के लिए कमरे अलॉट किए जाएंगे। ट्रेन टाइम टेबल और पीएनआर स्टेटस चेक कराने की सुविधा व क्लॉक रूम की व्यवस्था रहेगी। वाहनों से आने वाली संगत के लिए गुरुद्वारे के पास 24 घंटे निशुल्क दुपहिया वाहन पार्किंग स्टैंड और सैनी स्कूल के खेल मैदान में 24 घंटे निशुल्क दुहिया और चौपहिया वाहन पार्किंग की व्यवस्था की गई है। संतों का भंडारा हुआ इससे पहले शनिवार को गुरुद्वारे में संतों का भंडारा हुआ। साधु- संतों ने भंडारे में प्रसादी पाई। भंडारे में संत रेन डॉ. हर भजन शाह सिंघ महाराज के परिवार के सदस्यों ने भी परोसगारी कर सेवा दी। संतों के बाद आमजन ने भंडारे में प्रसादी पाई। सुबह गुरबाणी का कीर्तन हुआ। अखंड पाठ की लड़ी का भोग पड़ा। सुखमनी साहिब का पाठ हुआ और भाई जितेंद्र मदान ने अरदास कराई। जिला पुरुषार्थी समिति की ओर से प्याऊ लगाई गई है। समिति अध्यक्ष कुलदीप कालरा के अलावा समिति के पूर्व अध्यक्ष राकेश अरोड़ा, राजेश मक्कड़, केके मदान, भूरी पंडित सहित अन्यों ने सेवा दी। यह जानकारी समिति के अध्यक्ष कुलदीप कालरा ने दी। अलवर. मनु मार्ग स्थित गुरुद्वारे में आयोजित भंडारे में प्रसादी पाते साधु संत।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *