बूंदी के नैनवां में 108 गांवों के धाकड़ समाज के पंच-पटेलों ने एक नए छात्रावास की नींव रखी। यह छात्रावास नगर रोड पर गौशाला के सामने बनेगा। पांच मंजिला इस भवन में 96 कमरे होंगे, जिसकी अनुमानित लागत 6 करोड़ रुपए है। इसको लेकर रविवार को धाकड़ समाज छात्रावास में बैठक हुई। धाकड़ समाज उत्थान समिति (108 गांव) की ओर से हुईइस बैठक की अध्यक्षता शोजीलाल धाकड़ ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें निर्णय लिया गया कि कर्मचारियों को पुरानी उगाही के अनुसार मंदिर निर्माण में दिए जाने वाले छठे वेतन का बेसिक अब छात्रावास निर्माण में दिया जाएगा।
नए कर्मचारियों के लिए छात्रावास निर्माण के लिए 2 श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। जिसके तहत प्रथम श्रेणी के लिए ₹5,100 और द्वितीय श्रेणी के लिए ₹11,000। यह नियम छात्रावास निर्माण पूरा होने तक नए आने वाले सभी कर्मचारियों पर लागू रहेगा। इसके अलावा यह भी तय किया गया कि यदि 108 गांवों में से कोई भी समाज बंधु छात्रावास में कमरा निर्माण करवाना चाहता है, तो उसे ₹5,00,000 (पांच लाख रुपए) की राशि जमा करनी होगी, जिसके बाद उसके नाम की पट्टिका लगाई जा सकेगी। छात्रावास निर्माण कार्य के लिए मंडलवार उगाही के लिए एक समिति का गठन भी किया गया। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ पंच पटेल मौजूद रहे, जिनमें हेमराज धाकड़, पदम नागर, रमेश नागर, सोजीलाल नागर, महावीर कटारिया, गिरिराज धाकड़ पलाई, गिरिराज नैनवां, प्रकाश धाकड़ पलाई, परसीराम धाकड़, ओमप्रकाश धाकड़ पाडूला, मुकेश नागर, भंवरलाल, हेमराज नागर, पूर्व प्रधान जगदीश नागर, कन्हैयालाल धाकड़ जरखोदा, शिवराज नागर और मुकेश बंबूली शामिल थे।


