जालंधर | एलपीयू ने 10,829 तीन रंगों के मैकरॉन तैयार कर भारतीय राष्ट्रीय ध्वज बनाकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। इस उपलब्धि के साथ एलपीयू ने 9,600 मैकरॉन से बने पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह आयोजन स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट एंड टूरिज्म के विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों द्वारा किया गया, जिसमें उन्होंने अपनी असाधारण स्किल, रचनात्मकता और पैशन का शानदार प्रदर्शन किया। इस उपलब्धि के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने पर गर्व महसूस किया। एलपीयू के फाउंडर चांसलर डॉ. अशोक कुमार मित्तल ने इस अवसर पर कहा, “यह गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ‘एजु-रिवोल्यूशन’ की सोच का एक स्पष्ट उदाहरण है, जो एक दशक से अधिक समय से एलपीयू के डीएनए का अहम हिस्सा रही है। यह हमारी उस शिक्षण दृष्टि को दर्शाता है, जहाँ सीखना केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं है। यहाँ विद्यार्थियों ने सिर्फ पेस्ट्री आर्ट्स नहीं सीखा, बल्कि हजारों परफेक्ट मैकरॉन बनाने की कला में महारत हासिल की।” उन्होंने आगे कहा कि यह उपलब्धि यूनिवर्सिटी के पिछले 5 गिनीज- सर्टिफाइड माइलस्टोन्स के बाद आई है, जो एलपीयू की डायनामिक और बहुआयामी शैक्षणिक क्षमताओं को दर्शाती है।


