गढ़वा | भवानी सिंह मेमोरियल अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट सीजन-8 का आयोजन आगामी 11 जनवरी से किया जाएगा। टूर्नामेंट का आयोजन जेबी हाई स्कूल रेहला मैदान में युवा समाजसेवी संजू सिंह की देखरेख में होगा। आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला दो अंतरराज्यीय टीमों के बीच खेला जाएगा। पहला मैच सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दूसरा मुकाबला दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक खेला जाएगा। प्रतियोगिता में 16 अंतरराज्यीय टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी मैच नॉकआउट तर्ज पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे। लीग चरण में 8, क्वार्टर फाइनल में 4, सेमीफाइनल में 2 और फाइनल का एक मुकाबला होगा। लीग और क्वार्टर फाइनल मुकाबले 16-16 ओवर, जबकि सेमीफाइनल व फाइनल मुकाबले 20-20 ओवर के होंगे। हालाकि मौसम को देखते मैच के ओवरों में आयोजन समिति द्वारा आंशिक परिवर्तन किया जा सकता है। ओपनिंग एवं फाईनल मैच को छोड़कर प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे। विजेता टीम को 55 हजार रुपये, जबकि उपविजेता टीम को 25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, बेस्ट बैटर, बेस्ट बॉलर, बेस्ट फील्डर सहित अन्य श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए जाएंगे। ग्राउंड और पिच निर्माण का कार्य ग्रेडर और वाइब्रेट रोलर की सहायता से पूरा कर लिया गया है। कमेंट्री बॉक्स व स्कोरकार्ड की व्यवस्था की गई है। मैच की कमेंट्री चंद्रमणि दीक्षित, सेठ चौबे और डुल्लू शुक्ला करेंगे।


