लुधियाना| नोएडा में हाल ही में वर्ल्ड पावरलिफ्टिंग कांग्रेस (डब्ल्यूपीसी) की ओर से आयोजित डब्ल्यूपीसी इक्यूपिड नेशनल 2026 प्रतियोगिता में 11 वर्षीय अंशिका ने शानदार प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। अंशिका ने 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के 56 किलोग्राम भार वर्ग में भाग लेते हुए पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में अंशिका ने 185 किलोग्राम वजन उठाकर अपनी ताकत और मेहनत का लोहा मनवाया। अंशिका ने बताया कि वह वेटलिफ्टिंग और पावरलिफ्टिंग दोनों खेलों में अभ्यास कर रही हैं। इस सफलता के पीछे उनके माता-पिता का पूरा सहयोग रहा है। उनके पिता रमेश कुमार और माता रेखा हर कदम पर उन्हें प्रोत्साहित करते हैं। अंशिका शिमलापुरी स्थित एक जिम में कोच वीरपाल ‘वीरू’ की देखरेख में नियमित रूप से ट्रेनिंग लेती हैं।


