श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था की ओर से फिरोजपुर रोड थरीके स्थित स्वामीनारायण मंदिर में भव्य राशन वितरण समारोह और सत्संग का आयोजन किया गया। गुरु हरि आनंद स्वामी महाराज की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ वैदिक रीति-रिवाज के साथ नवग्रह शांति महापूजाससे हुआ, जिसके बाद हरिनाम संकीर्तन ने वातावरण को भक्तिमय कर दिया। कार्यक्रम में निष्काम स्वामी, नित्य स्वरूप स्वामी, माधव स्वामी, वासुदेव स्वामी, अक्षर स्वामी, ज्ञानेश्वर स्वामी और विश्व स्वरूप स्वामी ने अपनी मधुर वाणी में भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के माध्यम से संतों ने श्रीहरि की महिमा और उनके स्वरूप का सजीव वर्णन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को निहाल कर दिया। संस्था की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस अवसर पर 111 विधवा माताओं और आर्थिक रूप से कमजोर जरूरतमंद परिवारों को राशन सामग्री प्रदान की गई। गुरु हरि आनंद स्वामी ने कहा कि स्वामीनारायण संप्रदाय में आध्यात्मिक उन्नति के साथ-साथ समाज सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि निस्वार्थ भाव से की गई सेवा ही परम धर्म है। स्वामी ने गुरु की महिमा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु एक आध्यात्मिक मार्गदर्शक होता है जो समाज को धर्म, ज्ञान और सदाचार का मार्ग दिखाता है। इस दौरान नरेश ऑल, स. रणजीत सिंह गांधी, गिरीश गुप्ता, विशेष कुमार, रचना, अनिल चावला, रिंपल जग्गी, प्रिंस, इंद्रजीत सिंगला और प्रवीण भार्गव आदि उपस्थित रहे।


