जालोर में 12वीं के स्टूडेंट को धमकी देकर 5 लाख रुपए मांगने और 4 घंटे तक कंटीली झाड़ियों से पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक परीक्षा देकर घर लौट रहा था। मामले में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। मामला सांचौर के सांकड़ क्षेत्र का 5 अप्रैल का है। परीक्षा देकर घर लौट रहा था पीड़ित छात्र सांचौर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि सरनाऊ निवासी 18 वर्षीय पीड़ित युवक के पिता ने मामले में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया -मेरा बेटा 12वीं का स्टूडेंट है। वह शनिवार 5 अप्रैल को सांकड़ के पीएम श्री राजकीय माध्यमिक स्कूल में परीक्षा देने गया था। उसके साथ एक लड़का और भी था। परीक्षा देकर दोनों वापस लौट रहे थे। सरनाऊ गांव के पास पहुंचने पर गांव के ही दो युवक घमलेश बिश्नोई (24) और महेन्द्र गोदारा (21) मेरे बेटे के पास आए। दोनों ने रास्ता रोककर कहा कि हमारे साथ बाइक पर बैठ। मेरे बेटे ने मना किया तो आरोपी घमलेश ने जेब से चाकू निकाला और उसे डराया। मेरा बेटा डरकर बाइक पर बैठ गया। आरोपी मेरे बेटे को सेडिया की तरफ सूजी नाडी नामक जगह पर लेकर गए। आरोपी घमलेश ने अपना फोन निकाल कर स्क्रीन शॉट दिखाते हुए कहा कि तू किसी लड़की से बात करता है। उसका डेटा मेरे पास है। अगर 5 लाख रुपए नहीं दिए तो तुझे जान से मार देंगे। पीठ से निकलने लगा खून पिता ने बताया-आरोपियों ने मेरे बेटे के साथ चार घंटे तक बेरहमी से मारपीट की। कंटीली झाड़ियों से मेरे बेटे की पीठ पर मारा, जिससे उसकी पीठ पर घाव हो गए और खून निकलने लग गए। मेरे बेटे ने आरोपियों को कई बार कहा कि उसके पास इतने पैसे नहीं है। तब आरोपियों ने कहा कि घर से या कहीं ओर से पैसे ला, नहीं तो तेरी जिंदगी खत्म कर देंगे। मेरे बेटे ने घमलेश के पांव पड़कर उसे छोड़ने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना। घमलेश ने आरोपी महेंद्र के साथ उसके बेटे को पैसे लेने के लिए घर भेजा। महेंद्र मेरे घर से थोड़ी दूर रुक गया और मेरे बेटे को पैसे मांगने भेजे। मेरा बेटा डर के मारे घर ना आकर मेरे पड़ोसी दोस्त के घर चला गया और उससे 5 लाख रुपए मांगे। जब मेरे दोस्त ने पैसे मांगने का कारण पूछा तो पूरी घटना बताई। जिसके बाद मेरे दोस्त ने मुझे घटना की जानकारी दी। एक आरोपी को घर के पास से पकड़ा पिता ने बताया-जानकारी मिलने पर मैं तुरंत उनके पास पहुंचा। हम तीनों घर से महेंद्र को पकड़ने के लिए रवाना हुए। हमारे घर से कुछ दूरी पहले रुके महेंद्र को हमने पकड़कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर महेंद्र को पकड़ लिया और बाद में घमलेश को भी पकड़ लिया। वहीं, पीड़ित के पिता का ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। उनके पास 4-5 गाड़ियां है, जिसे वह किराए पर चलाते हैं। सांचौर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने कहा-घमलेश और महेंद्र के खिलाफ मारपीट, ब्लैकमेल और फिरौती मांगने का मामला दर्ज किया गया है।


