12वीं बोर्ड की परीक्षा आज से शुरू:सागर में 119 केंद्रों पर 24882 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा

माध्यमिक शिक्षा मंडल की शिक्षा सत्र 2025-26 की हायर सेकेंडरी कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 10 फरवरी मंगलवार से शुरू हो रही है। यह 7 मार्च तक चलेगी। हाई स्कूल 10वीं परीक्षा 13 फरवरी से शुरू होगी। सभी पेपर सुबह 9 से दोपहर 12 बजे के बीच कराए जाएंगे। छात्र-छात्राओं को केंद्र पर सुबह परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले पहुंचना होगा। ताकि जांच आदि में समय लगे तो भी समय से कक्ष में पहुंच जाएं। परीक्षा शुरू होने से 15 मिनट पहले 8.45 बजे के बाद प्रवेश नहीं मिलेगा। 12वीं की परीक्षा के लिए जिले में 119 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। इन केंद्रों पर 24882 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस साल 9 परीक्षा केंद्रों को बंद किया है। दो नए परीक्षा केंद्र उत्कृष्ट स्कूल बंडा और मोतीनगर शिशु मंदिर में शुरू किए हैं। 10वीं में कुल 33998 परीक्षार्थी हैं। इनके लिए 142 परीक्षा केंद्र बनाए हैं। कक्षा 12वीं की परीक्षा में पहला पेपर अंग्रेजी का होगा मंगलवार को कक्षा 12वीं की परीक्षा शुरू हो रही है। जिसमें पहला पेपर अंग्रेजी विषय का होगा। पेपर सुबह 9 बजे शुरू होगा जो दोपहर 12 बजे तक चलेगा। जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद जैन ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कराई गई हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर कलेक्टर प्रतिनिधि, केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, पर्यवेक्षक की नियुक्ति की जा चुकी है और सभी विकास खंडों में उड़न दस्तों का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि संपूर्ण परीक्षा के लिए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक केवी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर कलेक्टर प्रतिनिधि की उपस्थिति में संबंधित पुलिस थाना से खुले अभिरक्षा में प्रश्न पत्रों का आहरण किया जाएगा और परीक्षा केंद्र तक ले जाया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *