120 विद्यार्थियों को बैंकिंग, बीमा व स्टॉक मार्केट की जानकारी दी

भास्कर न्यूज ​| जशपुरनगर शासकीय राम भजन राय एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय के वाणिज्य संकाय द्वारा विद्यार्थियों के कौशल विकास के लिए चार दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और उच्च शिक्षा विभाग के बीच हुए एमओयू के तहत 18 से 21 फरवरी तक आयोजित इस कार्यशाला में बीएफएसआई सेक्टर से संबंधित विषयों पर व्यावहारिक जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में वाणिज्य संकाय के 120 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाएं, बीमा क्षेत्र और निवेश के अवसर, म्यूचुअल फंड एवं स्टॉक मार्केट की कार्यप्रणाली, आयकर तथा बैंकिंग प्रैक्टिसेज जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जा रहा है। एनएसई के विशेषज्ञ हरीश पाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बीएफएसआई सेक्टर में रोजगार की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और बेहतर करियर विकल्प चुनने में सहायक सिद्ध हो सकती है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के महत्व को रेखांकित करते हुए एनएसई और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की ऐतिहासिक भूमिका और भारतीय अर्थव्यवस्था में उनके योगदान की चर्चा की। कार्यक्रम का संचालन प्रवीण चन्द्र सतपथी के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर डॉ. सरिता निकुंज, कुमारी शगुफ्ता खातून एवं डॉ. लखेश्वर पटेल सहित कई प्राध्यापक उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *