गुमला| पहली बार मतदान करने वाली युवतियों और युवाओं में एक अलग ही उत्साह देखा गया। अपनी उंगली पर लगी स्याही दिखाते हुए एक युवती अदिति केशरी ने कहा कि आज पहली बार अपने शहर की सरकार चुनने के लिए मतदान करके बहुत गर्व महसूस हो रहा है। हम चाहते हैं कि शहर में बेहतर साफ-सफाई, शिक्षा और ड्रेनेज जैसी बुनियादी सुविधाएं हो। ताकि नागरिकों को सुविधा मिल सकें। पहली बार मतदान करने का अनुभव साझा करते हुए कहा कि अच्छा फील हो रहा है। चूंकि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में उन्होंने अपनी सहभागिता निभाई है। भास्कर न्यूज|गुमला गुमला नगर परिषद के बहुप्रतीक्षित चुनाव का शोर थम गया। इसके साथ ही 9 अध्यक्ष पद की महिला उम्मीदवारों और 112 पार्षद प्रत्याशियों का भाग्य अब मतपेटियों में बंद हो चुका है। मतदान संपन्न होने के बाद अब पूरे शहर की नजरें आगामी 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। जैसे मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई। प्रत्याशियों के खेमों में गुणा-भाग का दौर शुरू हो गया है। शहर के विभिन्न चौराहों और चाय की दुकानों पर जीत-हार के समीकरण सुलझाए जा रहे हैं। मतदान के रुझानों को देखकर कई प्रत्याशी अपनी जीत के प्रति आश्वस्त नजर आ रहे हैं और अभी से ही जश्न की गुप्त तैयारियां शुरू कर दी हैं। वहीं कुछ वार्डों में मतदाताओं की चुप्पी और अप्रत्याशित मतदान प्रतिशत ने कई दिग्गजों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं। कई प्रत्याशी मतदाताओं का रुख भांपकर हताश भी दिखने लगे हैं। क्योंकि इस बार युवाओं और महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है, जो किसी भी समीकरण को बिगाड़ने का दम रखते हैं। फिलहाल सभी मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच वज्रगृह में जमा कर दिया गया है। प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं और हर कोई बस काउंटिंग के दिन का इंतजार कर रहा है। 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतों की गिनती शुरू होगी। दोपहर तक यह पूरी तरह साफ हो जाएगा कि गुमला की जनता ने शहर की कमान किन हाथों में सौंपी है और कौन नगर परिषद के सदन में अपनी आवाज बुलंद करेगा। जिला प्रशासन और राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान की प्रक्रिया मुख्य रूप से शांतिपूर्ण रही। हालांकि कुछ केंद्रों पर हल्की झड़प और गहमागहमी की खबरें भी आईं। जिसे पुलिस बल ने समय रहते नियंत्रित कर लिया। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित और पुलिस अधीक्षक हारिश बिन जमां स्वयं बूथों का निरीक्षण करते रहे ताकि पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किया जा सके। मतदान के लिए बैलट पेपर का उपयोग किया गया। जिससे परिणाम को लेकर उत्सुकता और अधिक बढ़ गई है।


