बोड़ला| थाना बोड़ला एवं चौकी बैजलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने मवेशी तस्करी करते दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 13 नग भैंस-भैसा को मुक्त कराया है। मुक्त कराए गए मवेशियों को गौशाला भेजा गया है। एसपी धर्मेन्द्र सिंह छवई ने बताया कि 17 फरवरी की दोपहर करीब 12:15 बजे सूचना मिली कि ग्राम बैजलपुर की ओर से कुछ लोग 13 नग भैंस-भैसा को एक-दूसरे के गले में रस्सी बांधकर, बिना चारा-पानी के, क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए पैदल बोड़ला की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर कुछ आरोपी फरार हो गए, जबकि मौके पर शोभा बंजारे (55 वर्ष) एवं दिलीप बंजारे (39 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मुड़ियापारा थाना बोड़ला, मिले। आरोपियों ने बताया कि वे अपने साथी संजू उर्फ संजय बंजारे व अन्य के साथ देवसरा-बकेला क्षेत्र के आसपास के गांवों से मवेशी खरीदकर उन्हें एकत्रित कर पैदल जबलपुर (मध्यप्रदेश) की ओर ले जा रहे थे। पुलिस ने 11 नग भैंसा एवं 2 नग भैंसी सहित कुल 13 मवेशियों को जब्त कर पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।


