14 काउंटरों पर मतपेटिका जमा,न्यू पॉलिटेक्निक कॉलेज में वज्रगृह सह मतगणना केंद्र बनाया गया

भास्कर न्यूज | जामताड़ा नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के तहत मतदान समाप्ति के बाद मतपेटिकाओं एवं अन्य सामग्रियों की सुरक्षित प्राप्ति को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में 23 फरवरी 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रवि आनंद ने न्यू पॉलीटेक्निक कॉलेज, पाथरचपड़ा स्थित वज्रगृह सह मतगणना केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता भी मौजूद रहे। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पोलिंग पार्टियों द्वारा जमा की जा रही मतपेटिकाओं एवं अन्य मतदान सामग्रियों की प्राप्ति प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता एवं त्रुटिरहित तरीके से कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने वज्रगृह एवं मतगणना कक्ष का भी निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने एवं किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का सख्त निर्देश दिया। मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। भास्कर न्यूज | जामताड़ा नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत मतदान संपन्न होने के बाद मतपेटिकाओं एवं अन्य मतदान सामग्रियों को सुरक्षित रूप से वज्रगृह में जमा कराने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला अंतर्गत न्यू पॉलिटेक्निक कॉलेज में वज्रगृह सह मतगणना केंद्र बनाया गया है। मतपेटिकाओं एवं चुनाव सामग्री को सुव्यवस्थित ढंग से प्राप्त करने के लिए कुल 14 प्राप्ति काउंटर बनाए गए हैं। इनमें मिहिजाम नगर परिषद के लिए 08 तथा जामताड़ा नगर पंचायत के लिए 06 अलग-अलग काउंटर निर्धारित किए गए हैं। प्रत्येक काउंटर पर पर्याप्त संख्या में पदाधिकारियों एवं कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। पोलिंग पार्टियों से मतपेटिकाएं एवं अन्य सामग्रियां विधिवत प्राप्त कर सुरक्षित रूप से वज्रगृह में जमा की जा रही हैं। उपायुक्त ने बताया कि दिनांक 27 फरवरी शुक्रवार को उक्त वज्रगृह सह मतगणना केंद्र में दोनों निकायों के मतों की गणना की जाएगी। मतगणना को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक, जामताड़ा राज कुमार मेहता ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के बेहतर समन्वय, लगातार गश्त, क्यूआरटी की सक्रियता तथा पुलिस बलों की मुस्तैदी के कारण मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों, कर्मियों एवं मतदाताओं को बधाई दी। इस अवसर पर परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *