मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 14 फरवरी को पंधाना दौरा संभावित है। इसे लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। कलेक्टर-एसपी सहित जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया है। बतौर जनसभा यह कार्यक्रम सीएम राइज स्कूल मैदान में होगा। पंधाना विधायक छाया मोरे ने बताया कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन पर पंधाना क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, आवास, सड़क व अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन प्रस्तावित है। इनमें कॉलेज, खेल स्टेडियम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिंचाई परियोजनाएं, औद्योगिक पार्क, गोदाम निर्माण, शासकीय आवास व अन्य शहरी विकास कार्य शामिल हैं। राजगढ़ डैम का लोकार्पण, बस स्टैंड का भूमिपूजन होगा विधायक मोरे के मुताबिक, पंधाना में अब तक कोई बस स्टैंड नहीं है। अब पुराने नगर परिषद भवन के पास बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। दो मंजिला बस स्टैंड की लागत दो करोड़ 90 लाख रूपए है। इस काम के टेंडर जारी हो गए है। मुख्यमंत्री इस कार्य का भूमिपूजन करेंगे। इसके अलावा भाम नदी पर बने राजगढ़ डैम का लोकार्पण करेंगे। वहीं करीब 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण और सीएम राइज स्कूल पंधाना का लोकार्पण, हरसवाड़ा में गोडाउन का भूमिपूजन होगा। बैठक, पेजयल और सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए गए कलेक्टर ऋषव गुप्ता, एसपी मनोज कुमार राय ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक तैयारियों की समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, यातायात प्रबंधन व आमजन के लिए बैठने, पानी और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने में जुटा हैं।


