पाकुड़ जिला के मालपहाड़ी थाना की पुलिस ने शुक्रवार को 14 साल से फरार रेप के आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला थाना में वर्ष 2010 में दुष्कर्म को लेकर माल पहाड़ी थाना क्षेत्र के सोनू शेख उर्फ सानू शेख पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही वह फरार था। पुलिस उसे लगातार तलाश रही थी लेकिन उसे गिरफ्तार करने में कामयाब नहीं हो पा रही थी। माल पहाड़ी थाना प्रभारी अंशु उपाध्याय ने बताया कि आरोपी के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसी के आधार पर शुक्रवार को मालपहाड़ी थाना क्षेत्र के नसीपुर मोड़ से आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। एसपी प्रभात कुमार द्वारा हाल के दिनों में क्राइम मीटिंग में सभी थानेदारों को स्पष्ट तौर पर निर्देश दिया गया था कि जितने भी फरार वारंटी है, उनकी गिरफ्तारी जल्द सुनिश्चित की जाए। एसपी के दिए गए दिशा निर्देश में सभी थानेदार द्वारा फरार वारंटी के गिरफ्तारी को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।