भास्कर न्यूज | सरिया सांसद खेल महोत्सव में शामिल होने के लिए क्षेत्र के खिलाड़ियों को धरमजयगढ़ जाना था। उनके लिए बस की व्यवस्था की गई थी। दोपहर 1 बजे खिलाड़ियों के लिए बस रवाना होना था, लेकिन बस अपने निर्धारित समय से करीब 6 घंटे देरी से रात 7 बजे आई। इससे खिलाड़ियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सांसद खेल महोत्सव के लोक सभा स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन 25 दिसंबर को धरमजयगढ़ में किया गया था। इस प्रतियोगिता में ब्लॉक लेबल के विजेता खिलाड़ियों को शामिल होना था। विजेता खिलाड़ियों को वहां तक ले जाने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा वाहनों की व्यवस्था की गई थी। इसके लिए शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई थी। सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिले से करीब 140 खिलाड़ियों के लिए दो बसों की व्यवस्था की गई थी। ये बसें दोपहर 1 बजे लगनी थी, लेकिन खिलाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण खिलाड़ियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सरिया के महात्मा गांधी चौक में खिलाड़ी रात 7 बजे तक इंतजार करते रहे। इसी सूचना मिलने पर तहसीलदार कोमल साहू मौके पर पहुंचे और खिलाड़ियों को खाना खिलाने के बाद वाहन की व्यवस्था कर खिलाड़ियों को रवाना किया गया।


