भास्कर न्यूज | सूरजपुर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने अपने प्रवास के दौरान भटगांव विधानसभा क्षेत्र को विकास की सौगात दी है। मंत्री ने क्षेत्र में लगभग 18.38 करोड़ रुपए की लागत से स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन व प्रारंभ पूजन किया। इन परियोजनाओं में सड़कों का चौड़ीकरण, तालाब घाट निर्माण और नाली निर्माण कार्य शामिल हैं। मंत्री राजवाड़े ने ग्राम शिवनंदनपुर स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण में 3.41 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले कार्यों का शिलान्यास किया। इसके अंतर्गत नकना तालाब में घाट निर्माण, फुटपाथ, अटल परिसर, आरसीसी नाली और बीटी रोड का निर्माण किया जाएगा। इन कार्यों से गांव की मूलभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय निवासियों का जीवन स्तर सुधरेगा। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के माध्यम से क्षेत्र की दो सड़कों के चौड़ीकरण और निर्माण के लिए 14.97 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें भटगांव से अनरगवा मार्ग 6 किमी लंबाई (878.50 लाख रुपए स्वीकृत) और पकनी से चेन्द्रा मार्ग 5.60 किमी लंबाई (618.63 लाख रुपए की स्वीकृति) शामिल है। इन सड़कों के बनने से आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र में शिक्षा, व्यापार तथा सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता दे रही है। हमारा लक्ष्य शासन की योजनाओं और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इन्हें समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। इस अवसर पर वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, बाबूलाल अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


