उत्तरी भारत से आ रही बर्फीली हवाओं और बर्फबारी के चलते कड़ाके की सर्दी शुरू हो गई है। प्रदेश में सर्द हवा से ठिठुरन और गलन बढ़ने लगी है। लगातार तीन दिन से चल रही शीतलहर से पारा जमाव बिंदु से नीचे चला गया। सीकर के फतेहपुर में बीती रात पारा माइनस 1.0 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा आठ शहराें में पारा 5 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ। चूरू 1.8, सीकर 1.5, संगरिया 2.5, पिलानी में 2.8, माउंट आबू में 3.0, कराैली में 3.3 और सिराेही में 4.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। दिन-रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हाेने और शीतलहर चलने से सुबह-शाम गलन हाेने लगी है। हालांकि दो-तीन दिन में शीतलहर से राहत मिलने के आसार हैं। आगे : तीन दिन बाद शीतलहर से राहत मिलने का अनुमान मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पहाड़ी इलाकाें से सर्द हवाएं चल रही है। इससे मैदानी इलाकाें में सर्दी बढ़ गई है। प्रदेश में अगले दो दिन में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने का अनुमान है। 13 दिसंबर तक 15 जिलाें में काेल्ड वेव का येलो अलर्ट रहेगा। 14 दिसंबर से शीतलहर का प्रकोप कम होने की संभावना जताई है। आधा किमी में अंतर : एक जगह 3 डिग्री, दूसरी जगह माइनस 3 बुधवार को यहां मात्र आधा किमी दूरी पर तापमान में 6 डिग्री का अंतर रहा। सुबह 6.15 बजे शहर के कुम्हारवाड़ा क्षेत्र में पारा माइनस 3 डिग्री रिकाॅर्ड किया, यहां से मात्र आधा किमी दूर सुबह 6.20 बजे नक्की झील क्षेत्र में पारा प्लस 3 डिग्री रहा। एक ही दिन और एक समय पर अलग-अलग क्षेत्र में अलग-अलग तापमान रिकॉर्ड होने पर सुबह फसलों पर कहीं ओस की बूंदें दिखी तो कहीं ओस की बूंदें बर्फ बन गई।