बिलासपुर| सड़क पर लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पिछले 15 दिन में पुलिस ने अब तक 450 से अधिक नशेड़ी चालकों और 1,300 से ज्यादा बिना हेलमेट वालों पर कार्रवाई की है। सड़कों पर हादसों से होने वाली मौतों को कम करने के लिए पुलिस रोज शाम अभियान चला रही है। जिले में सड़क हादसों के कारण मौतें अधिकतर शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच होती हैं। इस समय को डेंजर जोन मानते हुए यातायात पुलिस और थानों की टीम शाम होते ही चेकिंग प्वाइंट लगाती है। सड़क पर तैनात जवानों के अलावा आईटीएमएस कैमरों के जरिए रोजाना 7,500 से अधिक वाहनों के चालान भेजे जा रहे हैं। गलत नंबर प्लेट, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, मोबाइल पर बात करने और स्टंट करने वाले चालकों के चालान उनके मोबाइल नंबर पर ऑनलाइन भेजे जा रहे हैं।


