15 मार्च को 1 लाख लोग घेरेंगे ग्वालियर हाईकोर्ट:शिवपुरी में आजाद समाज पार्टी का ऐलान; धीरेंद्र शास्त्री और प्रदीप मिश्रा पर साधा निशाना

आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव बुधवार को संकल्प यात्रा के दूसरे चरण के तहत शिवपुरी पहुंचे। उन्होंने बदरवास, कोलारस और शिवपुरी में जनसभाओं को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि 15 मार्च (कांशीराम जयंती) को एक लाख लोग ग्वालियर हाई कोर्ट पहुंचकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करेंगे। इस दौरान उन्होंने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और प्रदीप मिश्रा पर भी तीखा हमला बोला। यादव ने बताया कि संकल्प यात्रा 10 मार्च तक चलेगी। सभी कार्यकर्ताओं को 11 मार्च को दतिया पहुंचने के लिए कहा गया है। दतिया से 11 मार्च को ही ग्वालियर के लिए पैदल कूच शुरू होगा। प्रतिदिन लगभग 15 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए 15 मार्च को एक लाख लोगों के ग्वालियर पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इस दिन हाई कोर्ट परिसर में बाबा साहब की मूर्ति स्थापित की जाएगी। मूर्ति स्थापना हमारा संवैधानिक अधिकार उन्होंने ग्वालियर हाई कोर्ट में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं को हर परिस्थिति के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। यादव ने जोर देकर कहा कि मूर्ति स्थापना उनका संवैधानिक अधिकार है और इसे कोई रोक नहीं सकता। ‘हिंदू राष्ट्र’ के नाम पर पाखंड का आरोप जनसभा के दौरान दामोदर यादव ने पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘हिंदू राष्ट्र’ की बात कहकर पाखंड यात्राएं निकाली जा रही हैं, जबकि आजाद समाज पार्टी ‘संविधान राष्ट्र’ लागू करने की वकालत करती है। यादव ने कहा, “कुछ लोग पर्ची निकालकर तो कुछ बेलपत्र से बीमारियों के इलाज का दावा करते हैं।” उन्होंने कैंसर जैसे गंभीर रोगों का इलाज धाम की परिक्रमा और गौमूत्र से बताने पर सवाल उठाया, जबकि दावा करने वाले खुद बीमार होने पर दवाइयों का सहारा लेते हैं। प्रदीप मिश्रा पर भी कसा तंज इसी कड़ी में उन्होंने प्रदीप मिश्रा पर भी टिप्पणी की। यादव ने कहा कि सालभर पढ़ाई न करने वाले बच्चों को बेलपत्र चढ़ाकर पास कराने का दावा किया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जनता के दान के पैसों से ये लोग हवाई जहाजों में सफर कर रहे हैं। दामोदर यादव आज रात शिवपुरी में रुकेंगे। गुरुवार सुबह वे एक प्रेसवार्ता आयोजित कर आगे की रणनीति और यात्रा के अगले चरण की जानकारी देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *